USA में विश्वविद्यालयीय शिक्षा University Education in USA
अमेरिका का प्रथम विश्वविद्यालय बोस्टन में 1660 ई० में खोला गया। सन् 2010 तक इस देश में विश्वविद्यालयों की संख्या लगभग 360 एवं विश्वविद्यालय स्तर की उच्च शिक्षा देने वाले कॉलेजों की संख्या लगभग सात हजार हो गई है। यहाँ व्यक्तिगत (Private) तथा राज्यीय (State) दो प्रकार के विश्वविद्यालय पाए जाते हैं। प्राइवेट विश्वविद्यालय प्रायः रूढ़िवादी होते हैं और इनमें विशिष्टीकरण (Specialization) पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इनमें अनुसन्धान कार्य को भी विशेष महत्त्व दिया जाता है। प्राइवेट विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम होती है। इनमें शिक्षा महँगी होती है। विद्यार्थियों को फीस-मुक्ति तथा छात्रवृत्ति आदि की बहुत कम सुविधा मिलती है। विश्वविद्यालय का सबसे बड़ा अफसर प्रेसिडेण्ट कहा जाता है। प्रेसिडेण्ट की सहायता के लिए जनता के प्रतिनिधियों की एक परिषद् (Board of Trustees) होती है। यह परिषद् ही विश्वविद्यालय का संचालन करती है। प्रत्येक विश्वविद्यालय में कई संकाय (Faculties) होते हैं। विश्वविद्यालयों से सम्बद्ध विविध कॉलेज जैसे—मेडिकल, इंजीनियरिंग, शिक्षाशास्त्र, डेण्टल तथा लिबरल आर्ट्स या लॉ आदि के होते हैं। विश्वविद्यालय व्यावसायिक शिक्षा का भी प्रबन्ध करते हैं। प्रत्येक विश्वविद्यालय के पास एक समृद्ध पुस्तकालय होता है। छात्रों के लिए आवास की व्यवस्था रहती है। प्रत्येक विश्वविद्यालय में अध्यापन कार्य प्राय: प्रातः 8.30 या 9. 30 से चलता है। मध्य में एक या डेढ़ घण्टे का भोजन हेतु अवकाश रहता है। पाठ्यक्रमों की इतनी विविधता होती है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी क्षमता एवं रुचि का विषय मिल जाता है। प्रायः प्रत्येक विद्यार्थी नित्य 3-4 घण्टे कक्षाओं में पढ़ता है। प्रत्येक घण्टा 50 मिनट का होता है। अपने अध्यापन कार्य में शिक्षक प्राय: एकनिष्ठ होते हैं क्योंकि उनकी पदोन्नति उनकी कुशलता पर ही निर्भर होती है। कक्षाध्यापन में प्राय: प्रश्नोत्तर प्रणाली चलाई जाती है। बहुत कम शिक्षक कक्षा में एक क्रम से पूरे 50 मिनट तक किसी विषय पर धारा-प्रवाह बोलते हैं। अध्यापन की यही पद्धति नहीं है। कक्षा में आदि से अन्त तक भाषण देने की पद्धति का भी कुछ शिक्षक अनुसरण करते हैं। विद्यार्थी को पुस्तकालय में अपने अध्ययन पर बहुत निर्भर रहना है। पाठ्यक्रम की सामग्री के निर्धारण में शिक्षक को पूर्ण स्वतन्त्रता रहती है। कक्षा का शिक्षक ही परीक्षक होता है। प्रति सप्ताह छोटी-छोटी परीक्षाएँ होती रहती हैं। इसलिए विद्यार्थी हर समय सतर्क रहता है। यहाँ सह-शिक्षा का प्रबन्ध है विद्यार्थी अपने विचारों के प्रकाशन हेतु कक्षा में पूरी स्वतन्त्रता का अनुभव करता है। किसी विषय का शिक्षण प्रति सप्ताह प्राय: तीन घण्टे का होता है। राज्यीय विश्वविद्यालयों में प्रतिवर्ष लगभग 2,000 डॉलर शुल्क के रूप में प्रत्येक छात्र को देना होता है। व्यक्तिगत विश्वविद्यालय में यह फीस 3 हजार से 4 हजार डॉलर तक हो सकती है।
अमेरिका के विश्वविद्यालयीय शिक्षक को प्रतिवर्ष लाखों डॉलर पारिश्रमिक प्राप्त होता है। सेवानिवृत्ति 66 वर्ष पर हो जाती है। यहाँ के कुछ विश्वविद्यालयों को अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त है। यहाँ दूर-दूर से विदेशी विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। फोर्ड फाउण्डेशन एवं बहुत-सी संघीय संस्थाएँ विश्वविद्यालयों को आर्थिक सहायता प्रदान करती हैं। .
No comments:
Post a Comment